यात्री बढ़ने से सिरोबगड़ में लग रहा जाम

रुद्रप्रयाग(आरएनएस)। देवभूमि में खुशनुमा मौसम के चलते चारधाम यात्रा में भी तेजी आ गई है। बदरीनाथ केदारनाथ की यात्रा पर बड़ी संख्या में तीर्थयात्री दर्शनों को पहुंच रहे हैं। ऐसे में हाईवे पर वाहनों की भी संख्या बढ़ गई है। बीते कई दिनों से सिरोबगड़ में जाम की स्थिति पैदा हो रही है। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर सिरोबगड़ में जहां एक ओर धूल का गुब्बार उड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर बार-बार जाम लगने से यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीते दो दिन पूर्व रात को भी सिरोबगड़ में काफी जाम रहा है, जबकि हर दिन इस स्थान पर वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की स्थिति पैदा हो रही है। हालांकि जाम खोलने के लिए कई बार पुलिस को भी मौके पर पहुंचना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर सिरोबगड़ के करीब 100 मीटर हिस्से में वाहनों की आवाजाही से धूल का गुब्बार उड़ रहा है। जबकि कई जगहों पर गड्डे बने हैं जो दुर्घटना को भी निमंत्रण दे रहे हैं। यूकेडी के जिलाध्यक्ष बुद्धिबल्लभ ममगाईं, नरेंद्र ममगाईं, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष प्रशांत डोभाल आदि ने कहा कि सिरोबगड़ से खांकरा तक हाईवे की स्थिति फिर खस्ताहाल हो गई है। कई जगहों पर गड्डे बने हैं जबकि धूल का गुब्बार उड़ रहा है। एक ओर सिरोबगड़ में धूल और जाम से यात्री और स्थानीय लोग परेशान हैं, वहीं सड़क की सही देखरेख न होने से लोगों को दिक्कतें हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *