चिन्यालीसौड़ में आर्क ब्रिज से चार घंटे बाद नीचे उतरा युवक

उत्तरकाशी(

शुक्रवार की सुबह एक सिरफिरा आशिक चिन्यालीसौड़ के आर्क ब्रिज पर चढ़ गया। नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग के बाद उससे शादी की जिद पर अड़ा आशिक पुलिस के लिए करीब चार घंटे तक सिरदर्द बना रहा। युवक कहीं नदी में छलांग न लगा दे, इसके लिए एसडीआरएफ की एक टुकड़ी भी उपकरणों सहित मौके पर तैनात रही। किसी तरह पुलिस ने समझा बुझाकर उसे नीचे उतरवाया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, शैलेश पुत्र पूलम लाल (20) निवासी ग्राम अदनी पोस्ट रौंतल, चिन्यालीसौड़ का किसी नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग है। दोनों अलग-अलग जाति के बताए जाते हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले वह लड़की को साथ लेकर अपने गांव भी गया। लेकिन लड़की के माता पिता को भनक लगते ही वह उसे साथ लेकर हरिद्वार चले गए। हालांकि, लड़की भी उत्तरकाशी जिले की रहने वाली है। शादी के लिए लड़की के माता पिता सहमत नहीं हुए। जिससे दुखी होकर शैलेश सुबह दस बजे आर्क ब्रिज पर चढ़कर उससे शादी की जिद पर अड़ गया। धरासू थानाध्यक्ष प्रमोद उनियाल ने बताया कि उन्हें शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि एक व्यक्ति आर्क ब्रिज पर चढ़ रहा है। यदि उसे नहीं रोका गया तो कोई अप्रिय घटना घट सकती है। सूचना मिलने पर पुलिस आर्क ब्रिज पहुंची और उसे नीचे उतरवाने के प्रयास में जुट गई। शैलेश जिद कर रहा था कि प्रशासन लड़की को बुलाए और उससे शादी के लिए बोले। यदि ऐसा नहीं हुआ तो आर्क ब्रिज से नीचे कूद कर जान दे देगा। इससे प्रशासन भी सकते में आ गया। थानाध्यक्ष उनियाल ने शैलेश को फोन किया और उसे प्यार से समझा बुझाकर नीचे उतरने को कहा। उन्होंने उसे आश्वासन दिया कि उसकी मांग पूरी की जाएगी। जिसके बाद वह दोपहर करीब एक बजे नीचे उतर गया। लगे हाथ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *