बूंदाबांदी ने बढ़ाई ठंड, एक डिग्री गिरा तापमान
हल्द्वानी
एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। पहाड़ों में बारिश के कारण मैदानी इलाकों में भी मौसम ने करवट बदली है। शुक्रवार सुबह हल्द्वानी में बूंदाबादी हुई। जिससे पारा एक डिग्री लुढ़क गया। शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए थे। कुछ देर बाद एकाएक बूंदाबादी होने लगी। जिससे ठंड में इजाफा हुआ। बारिश रुकने के बाद भी बादल छाए रहे। 10 बजे बाद हल्की धूप भी निकली। पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ़ आरके सिंह ने बताया कि पहाड़ों में हो रही बारिश के कारण मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बूंदाबादी हुई है। शनिवार को भी सुबह के समय बारिश होने की संभावना है। दोपहर बाद हल्की धूप खिलेगी। आगामी दिनों में तापमान धीरे-धीरे गिरता जाएगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री, न्यूनतम 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी 46 प्रतिशत रही। वहीं 1.6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
