विद्यालय भवन निर्माण पर उठाए सवाल

नई टिहरी

भिलंगना ब्लॉक के राइंका तलेबन बासर में करीब 84 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहे विद्यालय भवन निर्माण में क्षेत्रवासियों ने घटिया निर्माण होने का आरोप लगाया है। लोगों ने एसडीएम से जांच की मांग की है। पीटीए अध्यक्ष सुंदर सिंह कठैत, दिनेश कठैत, धनवीर सिंह, दयाल सिंह व हीरासिंह का कहना है कि, राइंका तलेबन के नए विद्यालय भवन के लिए शासन से एक वर्ष पूर्व करीब 84 लाख रुपये स्वीकृत हुए। जिसका निर्माण कार्य ग्रामीण निर्माण विभाग घनसाली की ओर से विभागीय ठेकेदार से कराया जा रहा है। लेकिन ठेकेदार ने गांव के ही अन्य व्यक्ति को पेटी कांट्रेक्टर के रूप में निर्माण का ठेका दिया है। जिसके द्वारा भवन निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री लगाए जाने के साथ ही गुणवत्ता के मानको में घोर लापरवाही बरती गई। उन्होंने एसडीएम से निर्माण कार्य एवं सामग्री की जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। उधर ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आलोक कुमार का कहना है कि, निर्माण कार्य विभागीय मानकों के अनुसार कराया जा रहा है। ग्रामीणों के आपसी विवाद के चलते शिकायत की जा रही है। जिसकी जांच के बाद निर्माण कार्य एवं सामग्री की गुणवत्ता सही पाए गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *