विश्व आज योग के प्रभाव और उसके अस्तित्व को मान चुका है: वीके त्यागी

रुडकी

केंद्रीय विद्यालय नंबर एक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत साप्ताहिक कार्यक्रम में योग का महत्व विषय पर वेबिनार का आयोजन प्राचार्य वीके त्यागी के दिशा निर्देशन में किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में हरिनंद खेल शिक्षक और योग प्रशिक्षिका रीना त्यागी शामिल हुई। प्राचार्य वीके त्यागी ने कहा कि विश्व आज योग के प्रभाव और उसके अस्तित्व को मान चुका है। योग करने से हमें शारीरिक तथा मानसिक लाभ मिलता है। योग करने से हमारा शरीर स्वस्थ, निरोग और बलवान बनता है तथा योगाभ्यास करने से कई रोगों से लडऩे की शक्ति भी मिलती है। बच्चों को रोज सुबह अपने माता-पिता के साथ योग करना चाहिए। योग अभ्यास करने के मुख्य लाभों में से एक यह है कि यह तनाव कम करने में मदद करता है। खेल शिक्षक हरिनंद ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में योग का विशेष महत्व है। इसके नियमित अभ्यास से एकाग्रचित होने की शक्ति तथा याददाश्त बढ़ती है। यह तनाव और चिंता का प्रबंधन करने में भी सहायता करता है और आपको आराम से रहने में मदद करता है। योग प्रशिक्षिका रीना त्यागी ने विद्यार्थियों को सरल सहज योग के तरीके बताये। उन्होंने बताया कि योग का फायदा तभी सही तरीके से मिलेगा जब इसे नियमित रूप से किया जाए। उप प्राचार्या अंजू सिंह ने कहा कि शरीर, मन और आत्मा को नियंत्रित करने में योग मदद करता है। कार्यक्रम का संचालन पुस्तकालयाध्यक्ष पूनम कुमारी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *