रोस्टर के हिसाब से बांटें गन्ने की पर्चियां
काशीपुर
चीनी मिल के नये पेराई सत्र के दौरान किसानों को गन्ना पर्ची में कोई दिक्कत न आये इसको लेकर गन्ना किसानों ने सहकारी गन्ना विकास समिति में समिति सचिव संध्या पाल से मुलाकात की। किसानों ने रोस्टर के हिसाब से गन्ना पर्चियों को बांटने की मांग उठाई। सचिव ने किसानों को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया है। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन से जुड़े कुछ किसान सहकारी गन्ना विकास समिति में पहुंचे और वहां मौजूद सचिव संध्या पाल से मुलाकात कर किसानों को गन्ना सप्लाई करने में आने वाली समस्याओं के बारे में बताया। उनका कहना था कि गन्ना किसानों को समय से पर्चियां नहीं मिलने से उन्हें मिल को गन्ना सप्लाई करने में दिक्कतें हो रही हैं। इस तरह की व्यवस्था बनाई जाए ताकि रोस्टर के हिसाब से लगातार किसानों को पर्चियां मिलती रहें। बताया गया कि दो दिन का इंडेंट 5100 व 3100 गन्ना समिति को दे दिया गया है। वहीं इससे पहले किसानों ने चीनी मिल कारखाने का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर अजीत प्रताप रंधावा, बिजेंद्र डोगरा, जसवीर सिंह भुल्लर, जगमोहन सिंह, प्रशांत शर्मा आदि मौजूद थे।
