अंदर बैठक, बाहर ऑटो संचालकों ने किया प्रदर्शन
देहरादून
गढ़वाल आयुक्त कार्यालय में आरटीए की बैठक के दौरान ऑटो संचालकों ने कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। संचालकों ने सीएनजी ऑटो के नये परमिट खोलने का विरोध किया। विरोध के चलते इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं हो पाया। आरटीए की बैठक में नए सीएनजी ऑटो के परमिट देने का प्रस्ताव रखा गया था। इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान आरटीए अध्यक्ष ने कहा कि नये परमिट मिलने से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ जाएगी। यह विचार किया गया कि सीएनजी ऑटो के परमिट ई रिक्शा वालों को ही दिए जाएंगे, लेकिन इसके लिए उनको ई रिक्शा हटाना होगा। इससे ऑटो संचालक भड़क गाए और आयुक्त कार्यालय परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे। आरटीओ प्रवर्तन शैलेश तिवारी और परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत बाहर आए और ऑटो संचालकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सभी संचालक धरने पर बैठ गए। विरोध करने वालों में दून ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा, महामंत्री शेखर कपिल, इंद्रजीत कुकरेजा, सीपी सिंह समेत बड़ी संख्या में ऑटो संचालक मौजूद रहे।
