सितारगंज में गुलदार के हमले से किसान घायल

रुद्रपुर

घात लगाकर झाड़ियां में छिपे गुलदार ने खेत में जा रहे किसान पर हमला कर दिया। किसान और परिजनों के शोर मचाने पर गुलदार उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर पहुंचे वनकर्मियों ने घायल को सीएचसी सितारगंज में भर्ती कराया है। मंगलवार को नानकमत्ता के गांव बिचई निवासी जसवंत सिंह उर्फ जस्सु (40) पुत्र कृपाल सिंह अपने परिजनों के साथ खेत में गेहूं की फसल देखने जा रहे थे। गांव बेलखेड़ा मार्ग पर झाड़ी में छिपे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। गुलदार को देखते ही किसान ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिजन भी शोर मचाते हुए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। गुलदार शोर सुनकर झाड़ियां से होता हुआ जंगल की ओर भाग गया। हाथ में गुलदार का पंजा लगने से जसवंत सिंह घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे रनसाली वन रेंज कर्मी घायल को सीएचसी ले गए। सीएमएस डॉ. अभिलाषा पांडे ने घायल का इलाज किया। इधर, ध्यानपुर में भी गन्ने के खेत में गुलदार अपने दो शावकों के साथ दिखाई दे रहा है। रनसाली रेंजर महेंद्र सिंह रैकुनी ने बताया कि गांव तथा आसपास सोलर लाइट लगाई गई हैं। ग्रामीणों से अकेले गन्ने के खेत में नहीं जाने और रात में बाहर नहीं निकलने को कहा गया है। वन्य जीव मानव संघर्ष रोकने के लिए वन विभाग की ओर से लगातार मुनादी कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *