3दिन में आरोपियों की गिरफ्तार न होने पर देंगे डीएम कार्यालय पर धरना
विकासनगर
भारत संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच ने चेतावनी दी है कि कालसी तहसील के लटऊ गांव में अनुसूचित जाति के ग्रामीणों का भंडारे के जूठे बर्तन न धुलने पर गाली गलौज और मारपीट की धमकी देने वाले आरोपियों की तीन दिन के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई तो जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। मंच के कार्यालय पर आयोजित पत्रकारवार्ता में राष्ट्रीय संयोजक दौलत कुंवर ने कहा कि लटऊ गांव में बीस जून को आयोजित भंडारे की तैयारियों को लेकर लटऊ गांव में कुछ युवतियों ने बैठक आयोजित कर अनुसूचित जाति की युवतियों को जूठे बर्तन धुलने का दबाव डाला। जिसके लिए इनकार करने पर कुछ लोगों ने बीस जून की रात साढ़े दस बजे अनुसूचित जाति की बस्ती के लोगों के घरों की लाइट काटकर उनके घरों पर लाठी डंडों के साथ आ धमके। गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज हो गया। लेकिन सभी छह नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी पक्ष के लोग मुकदमा दर्ज करने के बाद अनुसूचित जाति के परिवारों को लगातार धमका रहे हैं और उत्पीडऩ कर रहे हैं। कहा कि दहशत के मारे सभी लोग उनके घर पर आए हैं और न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। कहा कि तीन दिन के भीतर सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
