तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा पर निर्णय ले विवि प्रशासन
श्रीनगर गढ़वाल। एचएनबी गढ़वाल केन्द्रीय विवि प्रशासन ने कोविड का हवाल देकर तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित कर दी थी, किंतु उक्त सेमेस्टर की परीक्षाओं को लेकर विवि प्रशासन द्वारा कोई निर्णय न लेने पर छात्रसंघ पदाधिकारियों ने रोष जताया है। कहा कि असाइनमेंट के बेस पर नंबर देना है तो इस संदर्भ में भी अभी तक विवि प्रशासन कोई निर्णय नहीं ले पाया है। जिससे छात्रों के बीच संशय की स्थिति बनी हुई है। गढ़वाल विवि के छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित रावत, जय हो ग्रुप के जिलाध्यक्ष आयुष मियां ने परीक्षा नियंत्रक से मिलकर मांग रखी कि जो परीक्षाएं स्थगित की गई थी, उन छात्रों की परीक्षाओं को ऑनलाइन व असाइनमेंट के माध्यम से जल्द से जल्द कराने के लिए विवि प्रशासन कार्यवाही करे। कहा कि कई ऐसे छात्र है जिनका यूजी व पीजी कोर्स पूरा हो चुका है और उनकी किसी विषय में बैक होती है तो उन छात्रों की परीक्षा को जल्द से जल्द करा कर उनका परीक्षा परिणाम घोषित करें ताकि छात्र राज्य में आये सरकारी पदों के लिए आवेदन कर पाए। कहा कि विवि प्रशासन की लापरवाही के कारण छात्र-छात्राओं का कोर्स पूरा नहीं हो पा रहा है। केन्द्रीय विवि होने के बाद भी यहां ऑनलाइन परीक्षा या अन्य किसी तरह के माध्यम से परीक्षा संपंन कराने का तरीका नहीं बनाया गया है। जिस कारण आज छात्र अपना कोर्स पूरा करने के बाद रिजल्ट का इंतजार कर रहे है। कहा कि यदि रिजल्ट समय पर नहीं खुलता है तो विवि के ऐसे छात्र जो रिजल्ट का इंतजार कर रहे है, वह आगामी दिनों में आने वाली भर्तियों के लिए आवेदन नहीं कर पायेगे। परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि 30 जून को एकेडमिक काउंसिल की बैठक होगी। जिसमें ही परीक्षा के संदर्भ में निर्णय होगा।
