मेडिकल कॉलेज में वायरोलॉजी लैब की होगी स्थापना

श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में प्रदेश सरकार द्वारा वायरोलॉजी लैब की स्थापना की स्वीकृति दे दी है। बकायदा लैब खोले जाने को लेकर जगह का निरीक्षण भी कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज परिसर में उक्त लैब की स्थापना होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी दे दी है। लगभग तीन करोड़ 59 लाख की लागत से उक्त लैब मेडिकल कॉलेज में स्थापित होगी। मेडिकल कॉलेज में वर्षों से वायरोलॉजी लैब खोले जाने की कसरत चल रही थी, जिसे प्रदेश सरकार ने पूरा कर दिया है। जल्द ही मेडिकल कॉलेज में लैब की स्थापना होने से मेडिकल कॉलेज में जहां आधुनिक शोध कार्यों को बल मिलेगा, वहीं मरीजों को इलाज करने में जांच के माध्यम से जल्द डॉक्टरों को सुविधा मिलेगी। विदित है कि मेडिकल कॉलेज में चार जिलों के मरीज आते है, किंतु कतिपय जांचें न होने के कारण मरीजों को प्राइवेट लैबों की शरण में या दिल्ली या अन्य शहरों के अस्पतालों में जांच हेतु जाना पड़ता था, किंतु सरकार ने गढ़वाल वासियों के लिए उक्त लैब की स्वीकृति देने से मरीजों को इसका लाभ मिलेगा। जिसके लिए लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं श्रीनगर विधायक का आभार प्रकट किया है। इधर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने बताया कि लैब की स्थापना की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसके लिए निरीक्षण भी हो चुका है। मेडिकल कॉलेज परिसर में लैब की स्थापना की जायेगी। इससे मेडिकल कॉलेज में जहां शोध कार्यों को बढ़ावा मिलेगा वहीं गढ़वाल में फैलने वाले कोई भी वायरस की जल्द पता लगाया जायेगा। जबकि चिकित्सा सेवा में लैब खुलने बहुत फायदा मिलेगा। मेडिकल कॉलेज में वायरोलॉजी लैब खुलेगी तो इसमें वायरस से फैलने वाली सभी बीमारियों, उनको कंट्रोल करने के तरीके, उनका रेजिस्टेंट तथा किन दवाओं का उन पर असर होता है, आदि पर रिसर्च की जाती है। इससे उनका डायग्नोसिस करने में मदद मिलती है। जबकि ऐसे भी वायरस की खोज की जा सकेगी, जिसकी अभी दवा भी ना हो। लैब खुलने के बाद गढ़वाल क्षेत्र के तमाम हिस्सों में होने वाली बीमारियों की जांच के लिए अन्य प्रदेशों की जांच के लिए नहीं जाना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज में आसानी से जांच हो पायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *