पहाड़ पर स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं पर ध्यान जरूरी

ऋषिकेश

 

परमार्थ निकेतन में नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारिणी सभा का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ, जिसमें विभिन्न जगहों से आए 150 चिकित्सक प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम में नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन की अखिल भारतीय कार्यकारिणी सभा का शुभारंभ परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती, नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन अध्यक्ष डॉ. सीबी त्रिपाठी, महासचिव डॉ. अश्वनी टंडन, सचिव डॉ.पुनीत अग्रवाल, एनएमओसीओएन 2024 के आयोजक अध्यक्ष डॉ. हिमांशु ऐरन, एनएमओ उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. ओपी महाजन, एनएमओसीओएन 2024 के संयुक्त आयोजक सचिव डॉ. योगेश्वरी कृष्णन ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि एक स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिये राष्ट्र में स्वास्थ्य देखभाल अत्यंत आवश्यक है। भारत सरकार गुणवत्तापूर्ण उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं के लिये समर्पित है। परन्तु जब नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन जैसे समर्पित चिकित्सकों का संगठन युवा चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवा से राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है तो वास्तव में धरातल पर परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखायी देता है। नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन की अध्यक्ष डॉ. सीबी त्रिपाठी ने भारत में स्वास्थ्य सेवाओं में आ रहे बदलावों और सुधारों के विषय में जानकारी प्रदान की। उन्होंने नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन द्वारा किये जाने वाले आगामी एजेंडे के बारे में बताया। एनएमओसीओएन 2024 के आयोजक अध्यक्ष डॉ. हिमांशु ऐरन ने कहा कि उत्तराखंड़ में कार्यकारिणी बैठक रखने का उद्देश्य पहाड़ पर रहने वालों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करना है। ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सभी को प्राप्त हो सके। एनएमओ उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. ओपी महाजन ने कहा कि यह कार्यकारिणी बैठक तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें अखिल भारतीय स्तर पर स्वास्थ्य सम्बंधित विषयों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे, जिनका वर्तमान एवं भविष्य में लाभ भारत के नागरिकों और रोगियों को अवश्य प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *