उत्तराखंड के विकास में पूर्वांचल का महत्वपूर्ण योगदान: भट्ट
हरिद्वार
पूर्वांचल समाज के लोगों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मौके पर भट्ट ने कहा कि पूर्वांचल के लोगों के सहयोग बिना उत्तराखंड के विकास की बात बेमानी है। कहा कि प्रदेश के विकास में पूर्वांचल समाज के लोगों ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी भूमिका का निर्वहन किया है। पूर्वांचल उत्थान संस्था के महासचिव बीएन राय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि उत्तराखंड में बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रह रहे हैं। रोजगार, व्यापार, पर्यटन, तीर्थाटन सहित अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए उत्तराखंड और पूर्वांचल के बीच रेल सेवा को मजबूत करना जरूरी है। ऐसे में पूर्वांचल समाज लगातार पूर्वांचल के लिए ट्रेनों की सुविधा विस्तार करने की मांग कर रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। ऐसे में राप्ती गंगा एक्सप्रेस का दैनिक संचालन और दरभंगा सहरसा तक विस्तार, जनता एक्सप्रेस को बरौनी कटिहार तक विस्तार, उपासना एक्सप्रेस का बाया भागलपुर संचालन, नार्थ ईस्ट के लिए साप्ताहिक ट्रेन का संचालन सहित अन्य मांगों पर तत्काल कार्रवाई किया जाए।
