डा०धन सिंह ने ली आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक
नई टिहरी।
प्रदेश के स्वास्थ्य व आपदा प्रबधंन मंत्री डा धन सिंह रावत ने अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान जिला कार्यालय सभागार में आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक ली। आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि बरसात के कारण अवरुद्ध मोटर मार्गों के प्रभावित स्थल पर जेसीबी त्वरित गति से पहुंच सके। इस के लिए निर्धारित रुट को कम किये जाने की आवश्यकता है। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि कि अवरुद्ध मोटर मार्गों को 2 से 4 घंटे के भीतर आवागमन के लिए खोला जाय। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि अवरुद्ध मोटर मार्गों पर जेसीबी ऑपरेटर केवल सडक़ के बीचो-बीच पड़े पत्थरों बोल्डरों को हटाया जाता है, जबकि सडक़ के किनारों पड़े मलबे को नहीं हटाया जाता है। जिस पर मंत्री ने कहा कि जेसीबी ऑपरेटर को एक प्रशिक्षण की आवश्यकता है। इस के लिए उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को जेसीबी ऑपरेटर का ऑनलाइन प्रशिक्षण करवाने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने आपदा प्रबंधन अधिकारी को रिस्पांस टाइम रजिस्टर मेंटेन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अवरुद्ध मोटर मार्ग को खुलवाने के लिए किस स्तर पर अधिक समय लगा और उसमें सुधार लाया जा सके। इसके अलावा उन्होंने आपदा प्रबंधन अधिकारी को जनप्रतिनिधियों व विधायकों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिये। इससे जनप्रतिनिधि मौसम संबंधी पूर्वानुमान व आपदा की स्थिति में धरातल पर वास्तविक वस्तुस्थिति से अवगत हो सकेंगे। आपदा प्रबंधन मंत्री ने जीडीएमओ को यह भी निर्देश दिए कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर आने से पहले महिला युवक मंगल दलों का प्रशिक्षण करवा लिया जाए। उन्होंने कहा कि विस्थापन को लेकर राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। जिसके तहत अब तक पूरे प्रदेश में 1000 से अधिक आपदा प्रभावितों का विस्थापन किया जा चुका है। बैठक में डीएम इवा श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों का चयन किया जा चुका है। इसके साथ ही ग्राम स्तर पर खोज एवं बचाव उपकरणों का भौतिक सत्यापन भी करवा लिया गया है। वहीं मानसून के दौरान खनन कार्य को भी प्रतिबंधित किया गया है। बैठक में विधायक टिहरी डा धन सिंह नेगी, विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह, विधायक प्रतापनगर विजय पंवार, एसएसपी तृप्ति भट्ट, सीडीओ नमामि बंसल, सीएमओ डॉ संजय जैन, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट, ईई लोनिवि केएस नेगी, ईई पीएमजीएसवाई संजय जैन, ईई विद्युत राकेश कुमार, प्रमुख जाखणीधार सुनीता देवी, जिला अध्यक्ष बीजेपी विनोद रतूड़ी सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
