एनएसएस युवाओं में समाज सेवा की भावना को देता है बढ़ावा
राजकीय पॉलीटेक्निक जस्सोवाला के सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर की शुरुआत सोमवार को पंचायत भवन जस्सोवाला में हुई। शिविर के पहले दिन स्वयं सेवकों को एनएसएस के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सुदेशी सैनी ने दीप जलाकर किया। प्रधानाचार्य एसपी सचान ने स्वयं सेवकों को बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को सामुदायिक सेवा के लिये प्रेरित करता है। इससे अपने व्यक्तित्व को विकसित करने में सहायता मिलती है। इस योजना के ज़रिए छात्रों को सरकार के सामुदायिक सेवा कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का मौका मिलता है। एनएसएस लोकतांत्रिक जीवन के महत्व को प्रतीत करता है। निस्वार्थ सेवा को भी बढ़ावा देता है। कार्यक्रम अधिकारी योगेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना में स्वयंसेवकों को दो साल के दौरान 240 घंटे सामाजिक कार्य करने का प्रमाण पत्र दिया जाता है, जिसकी हर क्षेत्र में उपयोगिता है। शिविर के दौरान स्वयं सेवकों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय जस्सोवाला में स्वच्छता अभियान भी चलाया।
