डाकपत्थर में पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित 

विकासनगर।

पंचायती राज विभाग के राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत डाकपत्थर में पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों को क्षमता विकास के साथ पंचायतों को सुदृढ़ बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। गुरुवार सुबह राइंका डाकपत्थर में आयोजित शिविर में ग्राम प्रधानों, उप प्रधानों और वार्ड सदस्यों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। शिविर का शुभारम्भ करते हुए मास्टर ट्रेनर इमरान खान ने प्रतिनिधियों को मिशन अंत्योदय सर्वे, मनरेगा योजना, ग्राम पंचायत विकास योजना एवं पंचायतों के इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिनिधियों को 73वें संविधान संशोधन द्वारा प्रदत्त 29 विषयों का इस्तेमाल करके एक बेहतरीन ग्राम पंचायत विकास योजना का प्लान तैयार करने का प्रशिक्षण भी दिया। मास्टर ट्रेनर सेनि. खंड विकास अधिकारी सत्यपाल सिंह ने ग्रामीण आजीविका मिशन, सूचना का अधिकार, 73वां संविधान संशोधन, ग्राम पंचायत के अधिकार और पंचायत राज ऐक्ट के महत्वपूर्ण बिन्दुओं की प्रतिनिधियों को जानकारी दी। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं से भी अवगत कराया। इस मौके पर एमटी पूर्व प्रधान रेखा चौधरी, सोमा भाटिया, कृपाराम जोशी, नितिन गुज्जर, ओम प्रकाश वर्मा, मंजू मोघा, सारा सोहेल, शबाना मलिक, रचना, कविता, हेमा, पंकज कुमार, मंजू, मीनाक्षी, दलीप सिंह, रानी, प्रियंका, दीपा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *