कर्णप्रयाग में 153 गरीबों को मिलेगा आवास योजना का लाभ

चमोली

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विकासखंड में 153 गरीबों को आवास योजना का लाभ मिलेगा। वर्ष 2020-21 और 21-22 के तहत स्वीकृत इन आवासों के निर्माण के लिए विभाग ने चयनित लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाण पत्र वितरित करना शुरू कर दिया है। पहले चरण में शनिवार को विभाग ने 11 चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
सहायक खंड विकास अधिकारी भगवान सिंह राणा ने बताया कि दो सालों की कार्ययोजना में विकासखंड में 103 अनुसूचित परिवारों सहित 153 को आवास योजना का लाभ मिलेगा। जिसके तहत केंद्र सरकार से 1 लाख 30 हजार की धनराशि मकान बनाने के तीन चरणों में 60 हजार, 40 हजार और अंत में तीस हजार का भुगतान लाभार्थी के खाते में दिए जाएंगे। यही नहीं आवास निर्माण में मनरेगा के तहत संबधित परिवार को 95 दिन का रोजगार और यदि शौचालय नहीं होगा तो 12 हजार की धनराशि शौचालय के लिए मनरेगा अथवा स्वजल से दी जाएगी। राणा ने बताया कि सभी 153 के प्रमाण पत्र विभाग को प्राप्त हो चुके हैं। लेकिन कोविड गाइडलाइन के चलते शनिवार को केवल 11 लोगों को दिए गए। अन्य को ग्राम प्रधानों या ग्राम विकास अधिकारियों के माध्यम से दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख चंद्रेश्वरी देवी, कनिष्ठ उपप्रमुख अनीता सेमवाल, प्रधान संघ के महामंत्री गौतम मिंगवाल, एडीओ पंचायत एमएम नगवाल सहित कई कर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *