राज्यपाल ने गुरुद्वारा श्री हरकिशन साहिब में टेका मत्था

देहरादून

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शनिवार को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर पटेल नगर स्थित गुरुद्वारा श्री हरकिशन साहिब में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन त्याग, समर्पण और मानवता की सेवा का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श हमें सत्य, न्याय और समानता के मार्ग पर चलने की निरंतर प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि दशम गुरु ने अपने कार्यों और शिक्षाओं के माध्यम से पूरे विश्व को प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। राज्यपाल ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की महिमा बताते हुए कहा कि ‘एक ओंकार’ का मूल मंत्र संपूर्ण मानवता को एकता के सूत्र में पिरोता है। गुरवाणी हमें कर्म, सेवा और सतगुरु के प्रति पूर्ण निष्ठा सिखाती है। उन्होंने आह्वान किया कि ‘सरबत दा भला’ और निस्वार्थ सेवा के संदेश को विश्वभर में फैलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा राज्यपाल को सिरोपा भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *