रात के अंधेरे में ‘उड़ा’ रहे थे ‘तितली-कबूतर’, पुलिस ने पकड़ा

रुद्रपुर

ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने बुधवार रात गश्त के दौरान श्मशान घाट के पास से तितली-कबूतर गेम खिलाकर लोगों से सट्टा लगा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस बुधवार रात गश्त पर थी। इस दौरान एसएसआई महेश कांडपाल टीम के साथ जब श्मशान घाट के पास पहुंचे तो कुछ लोग तितली-कबूतर उड़ गेम के नाम पर सट्टा खेल रहे थे। पुलिस को देखकर वह भागे। इस पर पीछा कर पुलिस ने दो लोगों को दबोच लिया। पकड़े गए युवकों ने अपनी पहचान शिवनगर ट्रांजिट कैंप निवासी सुमित गुप्ता पुत्र कमलेश और राजकुमार सागर पुत्र इंदर सागर के रूप में बताई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह लोग तितली, कबूतर उड़ सट्टा/जुआ का खेल खिलाते हैं। पुलिस को इनके कब्जे से रंग-बिरंगी फ्लैक्स मिले। इनमें छतरी, फुटबॉल, सूरज, दीपक, गाय, बाल्टी, पतंग, लट्टू, गुलाब, तितली, कबूतर खरगोश की आकृतियां बनी हुई थी। इन पर अलग-अलग आकृतियों छतरी, फुटबॉल पर 50 रुपये, सूरज पर 10 रुपये, दीपक पर 20 रुपये, गाय पर 20 रुपये, बाल्टी पर 20 रुपये, पतंग, लट्टू पर 40 रुपये, गुलाब पर 20 रुपये, तितली पर 50 रुपये, कबूतर पर 20 रुपये और खरगोश पर कुल 200 रुपये और मौके पर मिली चटाई पर 1060 रुपये बरामद हुए। एसएसआई कांडपाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *