मुख्यमंत्री धामी ने लगभग 16 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी, राहत एवं विकास कार्यों को मिलेगी गति

देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं, आपदा राहत कार्यों और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय के तहत आपदा प्रभावितों को राहत देने के साथ ही स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति देने वाले कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने 5 अगस्त 2025 को यमुना नदी के जलस्तर में आंशिक अवरोध के कारण स्यानाचट्टी क्षेत्र में बनी झील से प्रभावित ग्राम कुन्शाला के 19 होटल एवं भवन स्वामियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 61.09 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की है।

इसके अतिरिक्त जनपद टिहरी गढ़वाल की धनोल्टी, टिहरी, प्रतापनगर, जाखणीधार एवं मदननेगी तहसीलों में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित उन परिवारों को भी राहत प्रदान की जाएगी, जो वर्तमान में किराये के मकानों में रह रहे हैं। प्रभावित परिवारों को छह माह तक 4,000 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 19.28 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जनपद को अनटाइड फंड के रूप में कुल 13 करोड़ रुपये जारी करने की स्वीकृति भी दी है, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।

देहरादून जनपद में आधारभूत संरचना को मजबूत करने हेतु पित्थूवाला शाखा के अंतर्गत श्रद्धा एन्क्लेव में सीवर लाइन परिवर्तन तथा संधू एन्क्लेव और प्रियदर्शिनी एन्क्लेव में सीवेज पंपिंग स्टेशन (SPS) निर्माण के लिए 2.43 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने शहीदों के सम्मान में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खेतीखान का नाम परिवर्तित कर शहीद रेवाधर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खेतीखान किए जाने को भी स्वीकृति प्रदान की है।

सरकार के अनुसार इन निर्णयों से आपदा प्रभावितों को राहत, शहरी एवं ग्रामीण अवसंरचना विकास तथा स्थानीय स्तर पर जनसुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *