करियरशाला कार्यक्रम में छात्रों ने पूछे भविष्य से जुड़े सवाल

भगवानपुर ब्लॉक के भलसवागाज स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में जिला करियर सपोर्ट कार्यक्रम “करियरशाला” के तहत करियर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बारहवीं के बाद उपलब्ध कोर्स, कॉलेज चयन, करियर विकल्प, स्कॉलरशिप एवं आर्थिक सहायता योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम विशेष रूप से कक्षा 12 उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, ताकि वे अपने भविष्य से जुड़े निर्णय सही जानकारी और आत्मविश्वास के साथ ले सकें। इस दौरान विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं के अनुसार करियर मार्गदर्शन दिया गया।

करियरशाला, शिक्षा विभाग हरिद्वार एवं अलोहोमोरा एजुकेशन फाउंडेशन की संयुक्त पहल है, जिसके माध्यम से जिले के राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और इंटर कॉलेजों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को करियर संबंधी सहायता प्रदान की जा रही है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को करियर कार्ड्स के माध्यम से फैशन, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, पैरामेडिकल, आईटी समेत 10 विभिन्न सेक्टर्स की जानकारी दी गई। इसमें स्थानीय कॉलेजों, कोर्स, फीस, पात्रता एवं अवधि से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई। विद्यार्थियों ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने “बारहवीं के बाद क्या करें?”, “डिग्री या डिप्लोमा में क्या बेहतर है?”, “कौन सा कॉलेज या स्किल इंस्टीट्यूट चुनें?” तथा “स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कैसे करें?” जैसे सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को इन सभी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन करियरशाला हरिद्वार टीम के प्रोग्राम मैनेजर ज़ीशान ग़ज़ाली एवं सिमरन सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेन्द्र सिंह पुंडीर, शिक्षक विश्वास चौधरी, दुर्वेश त्यागी, पंकज सैनी एवं मोहिनी पुंडीर उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *