बाबा रामदेव ने आपदा में की कमायी
कोरोना संकट के कारण एक ओर जहां दुनिया भर में कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा है वहीं, योगगुरु बाबा रामदेव की कंपनी को जबरदस्त मुनाफा हुआ है। योग गुरु बाबा रामदेव की कंपनी रुचि सोया इंडस्ट्रीज को फरवरी में अच्छा मुनाफा हुआ है और इसके शेयर ने रफ्तार पकड़ ली है। बता दें कि वर्ष 2019 में बाबा रामदेव की अगुवाई में पतंजलि आयुर्वेद ने इनसॉल्वेंसी प्रक्रिया में रुचि सोया का अधिग्रहण किया था।
रुचि सोया का शेयर भाव 1 फरवरी को करीब छह सौ रुपये के स्तर पर था, जो आज 744 रुपये के भाव पर ट्रेंड कर रहा है। वहीं रुचि सोया के मार्केट कैपिटल में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। गौर हो कि साल 2017 में रुचि सोया के दिवालिया होने की प्रक्रिया शुरू की गयी थी और इसी के तहत साल 2019 इसे बेचा गया था। रामदेव के पतंजलि आयुर्वेद ने रुचि सोया को 4350 करोड़ रुपये में अधिग्रहण कर लिया था। रुचि सोया के पास खाद्य ब्रांड रुचि गोल्ड, न्यूट्रिला और रुचि स्टार का स्वामित्व है। योगगुरु बाबा रामदेव और उनके छोटे भाई राम भरत तथा नजदीकी सहयोगी आचार्य बालकृष्ण रुचि सोया के निदेशक मंडल में शामिल हुए थे। कंपनी के निदेशक मंडल की 19 अगस्त, 2020 को हुई बैठक में राम भरत को उसी दिन से 17 दिसंबर, 2022 तक के लिए प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया था। गौर हो कि बाबा रामदेव की कंपनी रुचि सोया इंडस्ट्रीज को दिसंबर तिमाही में भी अच्छा मुनाफा हुआ था। रुचि सोया का नेट प्रॉफिट चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 227।44 करोड़ रुपए रहा।
