डीएम बदलते ही अधिकारियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
पिथौरागढ़।
जनपद में डीएम बदलते ही अधिकारियों में ताबड़तोड़ कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो गया है। कार्यभार ग्रहण के महज 13 दिन के भीतर ही नवनियुक्त डीएम ने चार अधिकारियों के वेतन रोकने के साथ ही तीन से स्पष्टीकरण मांगा है। लगातार हो रही कार्रवाई से अधिकारी वर्ग में हडकंप मचा हुआ है। सीमांत में बीते चार अगस्त को आशीष चौहान ने डीएम के तौर पर कार्यभार ग्रहण किया। जिसके बाद वे नियमित तौर पर निर्माण कार्यो के निरीक्षण को पहुंच रहे हैं। जांच के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर तत्काल एक्शन भी ले रहे हैं। कार्यभार संभालने के अगले दिन ही उन्होंने बेस अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट, थरकोट झील, एसआईटी का निरीक्षण किया। थरकोट में निर्माण कार्यो की सुस्त गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सिचाई खंड के उच्च अधिकारी के वेतन रोक लगाने के निर्देश दिए। हालांकि बाद में उन्होंने अपना निर्णय बदल लिया। नौ अगस्त को एबीसी केंद्र निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगरपालिका के ईओ और अवर अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही अवर अभियंत का अग्रिम आदेश तक वेतन पर रोक लगाई। 14 अगस्त को डीएम धारचूला क्षेत्र के भम्रण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीपीडब्ल्यूडी के अवर और सहायक अभियंता के वेतन पर रोक लगाने के आदेश दे दिए। वहीं, बीते रोज ही उन्होंने नर्सिंग कॉलेज की प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा है, साथ ही वेतन रोकने के निर्देश भी दिए हैं।
