स्पोर्ट्स कॉलेज में पूरा पैसा खर्च, काम महज 74 प्रतिशत

पिथौरागढ़।

सीमांत में बन रहे स्पोर्ट्स कॉलेज का काम पूरा बजट खर्च होने के बाद भी महज 74 फीसदी हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने कार्यदाई संस्था को जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सही न मिलने पर उन्होंने निर्माण सामग्री के सैंपल भरे और दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने कहा यह गंभीर लापरवाही है, जिसे किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंगलवार को डीएम आशीष चौहान ने लेलू में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा पूरा बजट खर्च होने के बाद भी अब तक 74 फीसदी निर्माण कार्य होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य को जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को भी परखा। प्रशासनिक भवन व हॉस्टल ब्लॉग में प्रयुक्त निर्माण सामग्री की गुणवत्ता खराब मिलने पर उन्होंने आरईएस के ईई को इसका सैंपल लेकर दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने कहा विकास कार्यों में देरी व गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। इस दौरान उन्होंने स्पोर्ट्स कॉलेज में सीसीटीवी लगाने के निर्देश भी दिए। ताकि वे इसकी खुद मॉनिटरिंग कर सकें। कहा निर्माण कार्य में देरी हुई तो कार्रवाई होगी। यहां प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा, डीएसओ संजीव पौरी आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *