पूर्व श्रीलंकाई बल्लेबाज अविष्का गुणवर्धने अफगानिस्तान के बल्लेबाजी कोच नियुक्त

काबुल ।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसबी) ने पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका में एक से पांच सितंबर तक आयोजित वनडे सीरीज के लिए पूर्व श्रीलंकाई बल्लेबाज अविष्का गुणवर्धने को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। गुणवर्धने पूर्व दक्षिण अफ्रीकाई बल्लेबाज हिल्टन डीओन एकरमैन की जगह पर यह भूमिका निभाएंगे।
2017 में यूएई में टी-10 टूर्नामेंट के दौरान अमीरात क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की भ्रष्टाचार रोधी संहिता के कथित उल्लंघनों से संबंधित भ्रष्टाचार के आरोपों से मुक्त होने के बाद यह उनका पहला बड़ा असाइनमेंट होगा। गुणवर्धने ने इससे पहले श्रीलंका की राष्ट्रीय पुरुष टीम के बल्लेबाजी कोच के रूप में काम किया है और श्रीलंका ए और इमर्जिंग टीमों को भी कोचिंग दी है।
उल्लेखनीय है कि एसीबी ने बीते दिनों पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज शॉन टैट को पुरुष टीम के गेंदबाजी कोच के रूप में साइन किया था। टैट और गुणवर्धने के सीधे श्रीलंका में टीम से जुडऩे की उम्मीद है। समझा जाता है कि गुणवर्धने पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला के दौरान ही प्रभारी होंगे। इसके बाद एसीबी द्वारा उनके अनुबंध को बढ़ाने के बारे में निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।
इस बीच एसीबी के मुख्य कार्यकारी हामिद शिनवारी ने एक बयान में कहा कि उन्हें विश्वास है कि तालिबान के अफगानिस्तान की सत्ता संभालने के बावजूद क्रिकेट प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि एसीबी कार्यालय को फिर से शुरू कर दिया गया है।
समझा जाता है कि अफगानिस्तान का राष्ट्रीय शिविर जो तालिबान के देश की सत्ता संभालने से पहले चल रहा था, वह भी जल्द ही फिर से शुरू होगा। अफगानिस्तान ने हाल ही में दो-दो हफ्तों के दो कौशल-विकास शिविर आयोजित किए हैं। एसीबी के एक शीर्ष अधिकारी ने जोर देकर कहा है कि वह उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले दिनों में सब कुछ ठीक हो जाएगा और जहां तक अफगानिस्तान के दौरे का संबंध है तो काबुल पर तालिबान के अधिग्रहण के बाद से काबुल हवाईअड्डा बंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *