पुलिस लाइन में हुए कृष्ण जन्माष्ठी पर रंगारंग कार्यक्रम
रुद्रपुर
उत्तराखंड पुलिस वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा अलकनंदा अशोक की निर्देशन में पुलिस लाइन सभागार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर कृष्ण जन्म महोत्सव मनाया गया। जहां कृष्ण बनो प्रतिस्पर्धा सहित रगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की धूम रही। वहीं कुकिंग प्रतियोगिता में महिलाओं ने स्वादिष्ट व्यंजन बनाए। सोमवार की शाम को कृष्ण जन्म महोत्सव का शुभारंभ एसएसपी की पत्नी विनीता कुंवर ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव आस्था का प्रतीक है। जिसमें श्रीकृष्ण की लीलाओं के साथ ही धार्मिक सौहार्द का माहौल भी पैदा होता है। वहीं आने वाली पीढ़ी को देवी-देवताओं के प्रति आस्था भी अटूट होती हैं। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य के साथ पुलिस लाइन में कोविड-19 को देखते हुए सूक्ष्म श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया। इसमें सामाजिक दूरी का पालन करते हुए पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों ने प्रतिभाग किया। वहीं सभी कार्यक्रम पुलिस परिवार के द्वारा किया गया है। महोत्सव में कृष्ण बनो प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता,डांस प्रतियोगिता,बेस्ट कन्हैया प्रतियोगिता, राइटिंग प्रतियोगिता तथा महिलाओं की ऐपण प्रतियोगिता के साथ ही कुकिंग प्रति स्पर्धा हुई है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा कृष्ण बनो प्रतिस्पर्धा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रही।
