लोकगीत और लोकनृत्य में व्यास नहरी की टीम अव्वल

 

विकासनगर

युवा कल्याण विभाग की ओर से ब्लॉक सभागार में युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें देश प्रेम के साथ जौनसार बावर क्षेत्र की अनूठी संस्कृत की झलक देखने को मिली। बुधवार सुबह विकासखंड सभागार में आयोजित युवा महोत्सव का शुभारम्भ बतौर मुख्य अतिथि ब्लॉक ज्येष्ठ प्रमुख भीम सिंह चौहान और कनिष्ठ प्रमुख रितेश ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए उनकी हौसला अफजाई की। कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से ही युवाओं का सर्वांगीण विकास संभव है। इसके बाद युवा महोत्सव में देश प्रेम और क्षेत्र की अनूठी संस्कृति की छटाएं देखने को मिली। प्रतिभागियों ने लोकगीत, लोक नृत्य और एकांकी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव में प्रतिभागियों की देशभक्ति से ओत प्रोत लघु नाटिकाएं भी आकर्षण का केन्द्र रही। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ लोकगीत और लोकनृत्य में व्यास नहरी की टीम प्रथम रही। जबकि एकांकी में जौनसार बावर पब्लिक स्कूल व्यास भूड़ ने प्रथम स्थान कब्जाया। विजेताओं को मुख्य अतिथियों ने पुरस्कृत कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी चमन सिंह चौहान, चरण सिंह, कपिल चौहान, सुमित चौधरी, सोमा, उमेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *