कम रेट पर धान तौलने पर जसपुर में किसानों का हंगामा
काशीपुर।
सरकारी मूल्य से कम दरों पर धान खरीद होने पर किसानों ने हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख किसानों ने विधायक को बुला लिया। किसान एवं विधायक दोनों राइस मिलरों को लेकर कोतवाली पहुंचे। यहां समझौता होने के बादद मामले का निपटारा हो गया।
शुक्रवार को हल्दुआ निवासी सुखदेव सिंह पुत्र ताबा सिंह अपने साथियों के साथ हल्दुआ के दो राइस मिलों पर धान बेचने गए थे। किसानों ने मिलर्स से धान की तुलाई मंडी समिति के काटों पर कराने की बात कही तो मिलर्स ने दशहरा की छुट्टी होने की बात कहते हुए सरकारी दरों पर धान खरीदने के बजाय 1500 रुपये में धान तय कर लिया। इसको लेकर किसान आक्रोशित हो गए। उन्होंने भाकियू नेताओं समेत विधायक आदेश चौहान को बुला लिया। विधायक एवं किसान मंडी समिति के तौल कांटों पर पहुंचे तो वहां तौल की जा रही थी। इससे किसान और विधायक आग बबूला हो गए। दोनों मिलर्स को लेकर कोतवाली आ गए। किसान सुखदेव ने दोनों मिलर्स के खिलाफ एसएसआई को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस बीच कुछ राइस मिलर्स एवं भाकियू नेता भी पहुंच गए। दोनों पक्षों में वार्ता के बाद गलतफहमी होने की बात कहते हुए समझौता हो गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को समझौता पत्र दे दिया। राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश अग्रवाल ने बताया दोनों पक्षों में गलतफहमी के कारण विवाद हो गया था। जिसे निपटा लिया गया है। बताया कि किसानों की तौल पूरी ईमानदारी से कराई जायेगी। यहॉ मिलर्स एसो. के पूर्व अध्यक्ष मनोज कांबोज, फखरूददीन,दिनेश अग्रवाल, विकास अग्रवाल,विषु, विकास छाबड़ा, विजय छाबड़ा, सुरजीत ढिल्लो, अमनप्रीत सिंह, शेर सिंह,रमेश चौधरी, राहुल बंटी, रसपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
