शादीशुदा सगे भाई ने बहन से किया दुष्कर्म
बांदा।
सूने घर में काम कर रही 11 वर्षीय बहन को सगे भाई ने दबोच लिया। मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बहन किसी तरह से भाई के चंगुल से छूटी और शोर मचाया। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखा तो पीड़िता रक्तरंजित हालत में पड़ी हुई थी। घटना की जानकारी पीड़िता के माता-पिता को दी गई। सूचना पाकर पीड़िता के माता-पिता मौके पर पहुंच गए। बेटी की हालत देखकर माता-पिता के होश उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पूछतांछ करने के बाद घर में छिपे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नरैनी कस्बे में रहने वाला 24 वर्षीय युवक सोमवार की शाम को अपनी नाबालिग बहन के साथ घर में था। जबकि माता-पिता बाजार स्थित चाय की गुमटी पर गए हुए थे। शाम के समय उसने अपनी बहन को दबोच लिया और दुष्कर्म की घटना को अंजमा दिया। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर मुहल्ले के लोग पहुंच गए। देखा तो पीड़िता खून से लथपथ पड़ी हुई थी। मामले की जानकारी पीड़िता की मां और पिता को दी गई। माता-पिता घर पहुंचे तो बेटी की हालत देखकर वह फफक कर रो पड़े। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घर में ही छिपे दुष्कर्म के आरोपी सगे भाई को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ धारा 376 व पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया। बताया कि बुधवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराए जाएंगे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी की शादी हो चुकी है। उसके गलत आचरणों के चलते उसकी पत्नी अपने मायके में रहती है।
