ससुराल गए युवक का शव नहर में उतराता मिला -सुशान्त गोल्फ सिटी थाने में दर्ज है गुमशुदगी
लखनऊ
होली मिलने अपनी ससुराल गए युवक का का शव बुधवार को गोसाईंगंज के पूरनखेड़ा गांव के पास इंद्रा नहर में उतराता हुआ मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकाल कर शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक राम टोला, खरिका थाना पीजीआई निवासी विद्या सागर (35) 29 मार्च को सुशान्त गोल्फ सिटी के मुल्लाखेड़ा गांव अपनी ससुराल के लिए साइकल से गया था। वहां उसकी पत्नी के साथ कुछ अनबन हुई तो वह वापस आकर गांव के बाहर नहर पुलिया पर काफी देर बैठा रहा। शाम तक जब वह वापस घर न लौटा तो उसके पिता माता प्रसाद ने उसकी ससुराल से संपर्क किया तो उसकी नाराज होकर चले जाने की बात उठी। खोजबीन के दौरान उसकी साइकल मुल्लाखेड़ा गांव के पास इंद्रा नहर पटरी पर खड़ी मिली लेकिन विद्यासागर का कुछ पता नहीं चल सका। जिसके बाद 30 मार्च को पिता माताप्रसाद ने बेटे की गुमशुदगी सुशान्त गोल्फ सिटी में दर्ज कराई। सोमवार को उसका शव गोसाईंगंज के पूरनखेड़ा गांव के पास नहर में उतराता मिला। इंस्पेक्टर गोसाईंगंज के मुताबिक शव पर कोई चोट के निशान नहीं थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने बताया कि सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस इस मामले में तफ्तीश कर रही है।
