खेलों से आती है सामूहिक जिम्मेदारी की भावना
विकासनगर
खेल मैदान नया बाजार में चल रहे गुलाब सिंह मैमोरियल वालीबॉल टूर्नामेंट में सोमवार को मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने विजेता टीमों को सम्मानित किया। उनहोंने ही बॉक्सिंग नेशनल चैंपियनशिप खेल चुके खिलाड़ियों और सेवानिवृत्त अधिकारियों, समाज सेवी और कर्मचारियों को भी नवाजा। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से सामाजिक सदभावना भी पैदा होती है। इसके साथ ही युवाओं में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना पनपती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल मैदान में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ उतरना चाहिए। प्रतियोगिता के तहत मुंधोल ने भूट, हनोल ने मैंद्रथ, शैड़िया ने चौसाल और सेवन स्टार हनोल ने किरण को हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने विजयी टीमों के साथ ही बॉक्सिंग चैंपियनशिप खेल चुकी इशिता राणा, समाज सेवी कृपाल राणा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य देव सिंह शाह और पीएनबी त्यूणी के शाखा प्रबंधक रविंद्र कुमार को सम्मानित किया। मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लायक राम शर्मा, जिला महामंत्री बलवीर चौहान, मनीष चौहान, संजय पंवार, जगत नायक, विरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
