आन्दोलनरत किसानों को दें धान खरीद में प्राथमिकता
चित्रकूट 1
भाकियू मऊ तहसील अध्यक्ष विनय कुमार त्रिपाठी ने लबेद खंडेहा साधन सहकारी समिति में धान क्रय केन्द्र खुलवाने को आन्दोलन किया था, तब धान क्रय केन्द्र खुला है। केन्द्र प्रभारी दबंगई से किसानों का धान खरीदने में आनाकानी कर रहे हैं। कभी बारदाना कभी उठान का बहाना कर किसानों का शोषण हो रहा है।
मंगलवार को भाकियू मऊ तहसील अध्यक्ष विनय कुमार त्रिपाठी ने एसडीएम मऊ नवदीप शुक्ला से भेंटकर कहा कि आंदोलनरत किसानों को धान खरीद में प्राथमिकता दी जाए। खरीद केंद्र को लबेद मंडी से संचालित करायें, ताकि किसानों का बारिश में धान सुरक्षित रहे। भाकियू जिला मीडिया प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने कहा कि गौशाला को लेकर सरकार पूरी तरह फेल है। जिले में प्रतिदिन सैकडों गौवंश की मृत्यु हो रही है। भूख व ठंड से तड़प-तड़पकर गौवंश मर रहे हैं। ये सरकार गौवंशों का सर्वनाश करने में जुटी है। एक ओर किसानों की फसलें नहीं बच रही। दूसरी ओर गौवंश सुरक्षित नहीं है। इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष नरेश तिवारी, देवप्रताप फौजी, हनुमान पाल, शत्रुघ्न सिंह, विजय सिंह समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।