मंदिर निर्माण के लिए बाबा केदार के चिह्नों को पुराने मंदिर में किया स्थापित

विकासनगर। ब्लाक के भटाड़ गांव स्थित बाबा केदार के मंदिर के नवनिर्माण के लिए गर्भगृह में स्थापित बाबा केदार के चिह्नों को गुरुवार को गांव के पुराने प्राचीन मंदिर में प्रवेश कराया गया। बाबा केदार के चिह्नों के बाहर निकलते ही पूरा गांव बाबा के जयकारों से गूंज उठा। चकराता के भटाड गांव में केदार बाबा का स्थान है। जहां वर्षों से बाबा केदार की पूजा की जाती है। जिस मन्दिर में बाबा के चिह्न स्थापित थे, ग्रामीण उसका दोबारा निर्माण करवा रहे हैं। जिसके चलते गुरुवार को शुभ मुहूर्त में बाबा केदार के चिह्नों को मन्दिर से निकाल गांव के समीप स्थित बाबा केदार के प्राचीन मंदिर में स्थापित किया गया। पुजारी प्रताप उनियाल ने विधि विधान से मंत्रोच्चारण के बीच बाबा केदार के चिह्नों को मन्दिर से बाहर निकाल देव स्रोत के जल से स्नान करा प्राचीन मंदिर में स्थापित किया। उन्होंने बताया कि मंदिर के नव निर्माण के बाद बाबा केदार के चिह्नों को मूल मंदिर में स्थापित कर दिया जाएगा। जहां श्रद्धालु पहले की तरह ही पूजा अर्चना कर सकेंगे। नए मंदिर के निर्माण के बाद बाबा के चिह्नों को केदारनाथ ले जा कर वहां पूजा अर्चना कर दोबारा नए मन्दिर में स्थापित किया जाएगा। गुरुवार को बाबा के चिह्नों के बाहर निकलते ही कई लोगों पर देवता अवतरित हुए और पूरा मंदिर परिसर देव जयकारों से गूंज उठा। इस मौके पर गांव में भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पुजारी प्रताप उनियाल, चण्डीप्रसाद नौटियाल, राजेंद्र नौटियाल, अतर दत्त उनियाल, अरुण डोभाल, वीरेंद्र राणा, सौरभ राणा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *