विस चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को प्रशासन ने कसी कमर
ऋषिकेश। कोविड की चुनौती के बीच विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को नगर निगम के स्वर्णजयंती सभागार में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है, इसमें सभी को आचार संहिता के साथ कोविड गाइड लाइन का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा। तीर्थनगरी ऋषिकेश में कोविड की रफ्तार बढ़ती जा रही है। 21 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया के चलते चुनावी सरगर्मियां भी तेज होने लगी हैं। ऐसे में स्थानीय प्रशासन के सामने कोविड नियमों और आचार संहिता का पालन कराना चुनौती से कम नहीं रहेगा। प्रशासन ने दोनों जिम्मेदारियों के बखूबी निर्वहन को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए शुक्रवार को प्रशासन ने भाजपा, कांग्रेस, आप, यूकेडी, सपा, बसपा, उजपा और भाकपा के नेताओं की बैठक बुलाई है।
