समस्याओं का घर बन चुका है सेलाकुई कस्बा  : पंवार  

विकासनगर। चुनाव प्रचार अभियान के साथ ही अब राजनैतिक दलों की ओर से विकास को लेकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का लगाने का दौर भी शुरु हो गया है। गुरुवार को कांग्रेस ने भाजपा पर सेलाकुई के विकास को लेकर लापरवाह रवैया अख्तियार करने का आरोप लगाया। मुख्य बाजार स्थित कांग्रेस कार्यालय पर मीडिया से वार्ता करते हुए नगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित पंवार ने कहा कि सेलाकुई कस्बा समस्याओं का घर बन चुका है। भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधि ने यहां समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए। कहा कि शीशमबाड़ा वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से हो रही परेशानी दूर करने के बजाय सरकार द्वारा सेलाकुई में पशु शवदाह गृह बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि जनता इसका विरोध कर रही है। कहा कि कस्बे की मुख्य सड़कें जर्जर हाल हैं। हल्की बारिश होने पर यहां जल भराव की समस्या पैदा हो जाती है। पेयजल की किल्लत पूरे क्षेत्र में बनी हुई है। सरकार हर घर नल, हर घर जल का दावा कर रही है, लेकिन सेलाकुई और आसपास के क्षेत्र में करीब तीस साल पुराने ट्यूबवेल से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को बीस प्रतिशत रोजगार भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। कहा कि अब जनता को इन समस्याओं से निजात दिलाने के लिए कांग्रेस तैयार हो चुकी है। इस दौरान अमित नेगी, दीपक विमान, रोशन लाल, मनोज गुसाईं आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *