डीएम-एडीएम ने किया जिला आबकारी कार्यालय का निरीक्षण

रुद्रपुर। विधानसभा चुनावों में शराब का दुरुप्रयोग रोकने के लिए जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी ने जिला आबकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। वहां अधिकांश कैमरे बंद पाए गए। जिस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कैमरे चालू करने के आदेश दिए और कैमरे सुचारू होने तक शराब की दुकानों से निकासी बंद करने के निर्देश दिए। डीएम की नाराजगी के बाद आबकारी विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को डीएम युगल किशोर पंत और एडीएम ललित नारायण मिश्रा अचानक आबकारी कार्यालय पहुंचे और रजिस्ट्रर इंट्री के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए कार्यालय में बने सीसीटीवी निगरानी कक्ष का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया कि शराब की दुकानों की निगरानी के लिए लगे सीसीटीवी कैमरों में ज्यादातर खराब पड़े हुए थे। जिस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कहा कि विधानसभा चुनावों में शराब का दुरुप्रयोग किया जाता है। इसी दुरुप्रयोग को रोकने के लिए दुकानों, बार व एफएल-2 की निगरानी जरूरी है। जिला आबकारी अधिकारी हरीश चंद्र कुमार ने बताया कि जिले में देशी-विदेशी मदिरें की सौ से अधिक दुकानें है। इसके अलावा 24 बार व एफएल-2 के गोदाम है। शराब की दुकानों में लगे कुछ कैमरे तकनीकी कारणों से बंद पड़े हुए हैं और जल्द ही ठीक करवाकर प्रारंभ किए जाएंगे। कैमरों को चालू नहीं होने तक शराब की निकासी नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *