अकीदत के साथ मनाया हजरत अली का जन्मदिन
रुड़की। पैगंबर इस्लाम हजरत मौहम्मद साहब के जांनशीन हजरत अली का जन्म दिवस पूरी अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर महफिल ए मिलाद का आयोजन किया गया। लोगों ने गरीबों को खाना खिलाया तथा विशेष नमाज अदा कर खुदा की बारगाह में दुआ मांगी।
जांनशीन ए पैगंबर हजरत अली का जन्म दिवस 13 रजब को मनाया जाता है। रजब का महीना इस्लामी कैलेंडर का महीना है। इस दिन विभिन्न स्थानों पर महफिल ए मिलाद का आयोजन किया जाता है। साथ ही गरीबों को खाना खिलाया जाता है। क्षेत्र में अकीदत के साथ हजरत अली का जन्मदिन मनाया गया। विभिन्न स्थानों पर हजरत अली की शान में महफिल ए मिलाद आयोजित हुए। जिनमें शायरों ने अपने कलाम पेश कर हजरत अली को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर 35 वां जश्ने हजरत अली नगर के मोहल्ला पठानपुरा स्थित बड़े इमामबाड़े पर मनाया गया। इसमें विभिन्न शायरों ने अपने कलाम पेश किए। मौलाना इकबाल हुसैन ने अपनी तकरीर में मौला ए कायनात हजरत अली के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हजरत अली का जन्म खाना ए काबा में 13 रजब को हुआ था, उस दिन को खुशी के दिन के तौर पर मनाया जाता है।
इस अवसर पर मौलाना शाहवेज अब्बास, वरिष्ठ शायर कौसर जैदी कैरानवी, दानिश मंगलौरी, रौनक जैदी, चांद मियां, वफा आबदी, गुलाम रब्बानी, आदिल मंगलौरी, शमीम कुरैशी, शफात हुसैन, पवन कुमार, रईस हैदर, नवाब मेहंदी, हुसैन अख्तर, अयान हैदर, मौहम्मद हैदर सहित कार्यक्रम के संयोजक इरफान हुसैन जैदी मौजूद रहे।
