बसपा प्रत्याशी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा
रुड़की। खानपुर से निर्दलीय प्रत्याशी उमेश कुमार ने बसपा प्रत्याशी रविन्द्र पनियाला और उनके समर्थकों पर गाड़ी में तोड़फोड़ कर जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने बसपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर मुकदमा दर्ज किया है।
खानपुर सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे उमेश कुमार ने थाने में तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने बताया कि वह रविवार देर शाम मतदाताओं से बात कर उनका रुझान जानने के लिए अपनी गाड़ी लेकर खानपुर के तुगलपुर गांव में गए थे। आरोप है कि बसपा प्रत्याशी और उनके कुछ समर्थक गांव में पहले से मौजूद थे। आरोप लगाया कि बसपा प्रत्याशी और उनके समर्थक इकट्ठा होकर उनकी गाड़ी के पास आ गए और दरवाजा खुलवाने की कोशिश की लोकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला।
आरोप है कि बसपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने उमेश कुमार की गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया। इससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। निर्दलीय प्रत्याशी वहां से सीधे खानपुर थाना पहुंच गए। इस दौरान उनके समर्थक भी खानपुर थाने पर इकट्ठा हो गए। उमेश कुमार ने बसपा प्रत्याशी रविंद्र पनियाला औौर उनके 100-150 समर्थकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। एसओ खानपुर संजीव थपलियाल ने बताया कि तहरीर पर जानलेवा हमला करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
