उपनल स्वास्थ्य कर्मियों को चार माह से मानदेय नहीं

विकासनगर। चार माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में तैनात उपनल संविदा स्वास्थ्य कर्मियों में आक्रोश है। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले साल 52 दिन की हड़ताल के बावजूद सरकार उनकी उपेक्षा कर रही है। जबकि कर्मचारियों को सरकार ने समय पर मानदेय दिए जाने का आश्वासन दिया था। अभी भी कोविड समाप्त नहीं हुआ है और अधिकांश उपनल कर्मियों की कोविड के तहत ड्यूटी लगी हुई है। उप जिला चिकित्सालय के विभिन्न विभागों में 23 उपनल संविदा कर्मी तैनात हैं। उपनल संविदा कर्मचारी संगठन के पछुवादून अध्यक्ष अनिल गैरोला, राजेंद्र सिंह बायला, सुनदास, रतनदास, संजू, हेमचंद्र पंत आदि ने बताया कि गत वर्ष दिसंबर माह से अभी तक उन्हें मानदेय नहीं मिला है, जिससे परिवार का पालन पोषण मुश्किल हो गया है। अधिकांश कर्मचारी किराए के आवास में रहते हैं, ऐसे में चार माह से किराया नहीं देने के कारण उनके सामने आवास की समस्या भी पैदा हो गई है। बताया कि अप्रैल माह से नया शिक्षा सत्र शुरू हो जाएगा। ऐसे में कर्मचारियों के सामने अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा कराने का भी संकट पैदा हो गया है। पिछले चार माह से बिना मानदेय के ही सभी कर्मचारी ओपीडी, आपातकालीन ड्यूटी समेत कोविड ड्यूटी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। 52 दिनों की हड़ताल के दौरान सरकार की ओर से समय पर मानदेय भुगतान किए जाने का आश्वासन मिला था, लेकिन सरकार अब अपने वादे से पलट गई है। मानदेय के अभाव में कर्मचारियों को परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द मानदेय दिए जाने की मांग की है। उधर, सीएमएस डा. विजय सिंह ने बताया कि उपनल संविदा कर्मियों के लंबित मानदेय भुगतान के लिए प्रस्ताव उचित माध्यम को भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *