केरल में मैथर को कांग्रेस का राज्यसभा प्रत्याशी बनाने पर बीजू थामस ने किया विरोध

एर्नाकुलम

हाल ही में देश के पांच राज्यों में संपन्न विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस में पैदा
असंतोष का क्रम खत्म होता नहीं दिखाई देता। दक्षिण भारत में भी कांग्रेस खेमे में गुटबाजी शुरू हो गई है। केरल में राज्यसभा के उम्मीदवार के चयन के बाद दो कांग्रेस नेताओं के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। केरल कांग्रेस की महिला विंग की प्रमुख जेबी मैथर के राज्यसभा के उम्मीदवार के रूप में चुने जाने के बाद केरल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केवी थॉमस के बेटे बीजू थॉमस ने तीखी प्रतिक्रिया की है।
राज्यसभा सीट से जेबी मैथर का नाम जुड़ते ही पार्टी का वर्ग केवी थॉमस के खिलाफ हो गया। इसके बाद बीजू थॉमस ने कहा कि पार्टी नेतृत्व संकट का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि जेबी मैथर को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पार्टी के विभिन्न वर्गों में नाराजगी है। बीजू थॉमस ने तंज कसते हुए कहा कि जेबी मैथर जैसे लोग पार्टी के अंदर विभिन्न पदों पर हैं और ऐसा इसलिए है क्योंकि पार्टी में पर्याप्त नेताओं की कमी है। बीजू थॉमस ने कहा कि महिला कांग्रेस सदस्य मैथर ने लिखा था कि पार्टी को बचाने के लिए मेरे पिता को मार दिया जाना चाहिए। इस बयान से हम सभी को दुख हुआ है।
बीजू थॉमस ने यह भी पूछा कि क्या पार्टी की संस्कृति एक निश्चित उम्र पार करने के बाद वरिष्ठ नेताओं को मार देने की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर उनके पिता की उम्र या उससे अधिक उम्र के कई लोग हैं। इस बीच केवी थॉमस ने भी अपने बेटे के बयान पर प्रतिक्रिया की है। उन्होंने कहा कि ये उनके बेटे की अपनी निजी राय है। बीजू थॉमस ने अपनी राय व्यक्त की। मैं हमेशा एक कांग्रेस कार्यकर्ता रहूंगा जो पार्टी के फैसलों का पालन करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *