धामी के सीएम बनने से लक्सर खानपुर के लोग खुश
रुड़की। पुष्कर सिंह धामी का दूसरी बार उत्तराखंड की कमान सौंपने से लक्सर और खानपुर के लोग काफी खुश हैं। इसी 10 अक्तूबर में सुल्तानपुर की सभा में सीएम धामी ने लक्सर के लिए कई योजनाओं की घोषणा की थी। लोगों को उम्मीद है कि धामी सीएम बनकर जल्द से जल्द इन योजनाओं पर काम शुरू करेंगे। पिछली सरकार में लक्सर से तत्कालीन भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने सुल्तानपुर मे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनसभा कराई थी। इसमें क्षेत्रीय विधायकों ने क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाओं का प्रस्ताव सीएम के सामने रखा था। सीएम ने इनमें से कई की घोषणा भी कर दी थी। परंतु विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के कारण इनमें अधिकांश योजनाओं पर काम शुरू नहीं हो पाया था। अब भाजपा ने धामी को दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री का जिम्मा सौंपा है। इससे लक्सर व खानपुर के लोग खुश हैं। महक सिंह, नवाब सिंह, राजकुमार ने बताया कि पूर्व में धामी ने क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाओं की घोषणा की थी। सीएम कोई और बना होता तो इन पर काम शुरू होने की उम्मीद कम थी। अब धामी दोबारा सीएम बने हैं, तो उन पर पिछले कार्यकाल की अपनी इन घोषणाओं पर काम शुरू कराने की नैतिक जिम्मेदारी भी है। ग्रामीण मोहित वर्मा, मनीष गोयल, पृथ्वी सिंह राणा का कहना है कि धामी के सीएम बनने से लक्सर और खानपुर में पुरानी घोषणाओं के अलावा नई योजनाएं भी आ सकती हैं।
