खातस्यूं जनएकता मंच ने समस्याएं हल करने को लेकर किया प्रदर्शन

 

पौड़ी। खातस्यूं जनएकता मंच ने खातस्यूं पट्टी को पौड़ी ब्लाक में विलय करने या विधानसभा श्रीनगर में शामिल करते हुए ओबीसी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को पौड़ी में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने 1 महीने के भीतर समस्या का हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन के बाद मंच ने एडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन भेजा।

शुक्रवार को खातस्यूं जनएकता मंच से जुड़े सीकू, गिठाली, कलूंण आदि गांवों के ग्रामीणों ने पौड़ी में डीएम कार्यालय के बाहर हेमवती नंदन बहुगुणा की मूर्ति स्थल पर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान में खातस्यूं पटटी के तहत आने वाले गांवों का ब्लाक पाबौ है और विधानसभा पौड़ी है। कहा कि एक ग्रामसभा को छोड़कर लगभग सभी ग्राम सभाओं से पाबौ ब्लाक की दूरी 40 से 50 किमी है और ग्रामीणों को ब्लाक में काम निपटाने के लिए 2 से 3 गाड़िया बदलकर पाबौ जाना पड़ता है। कहा कि कई किमी का सफर तय करने के बाद भी पाबौ ब्लाक में उनके कार्य नहीं हो पाते है। जिससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कहा कि ग्रामीणों को अपने रोजमर्रा के कार्य निपटाने के लिए पौड़ी आना पड़ता है लिहाजा खातस्यूं पट्टी का परिसीमन करते हुए पौड़ी ब्लाक में शामिल किया जाए। कहा कि खातस्यूं पट्टी को पौड़ी ब्लाक में शामिल नहीं किया जाता है तो श्रीनगर विधानसभा में मिलाकर पाबौ ब्लाक की अन्य पट्टियों की तरह ओबीसी का दर्जा दिया जाए। कहा कि 1 महीने के भीतर समस्या का हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में कुलदीप गुसांई, राजेंद्र सिंह रावत, शेखर सिंह, नागेंद्र सिंह, विरेंद्र, प्रकाश, विनोद, प्रवीन, चंद्र सिंह, दिलवर, प्रदीप रावत, धीरज सिंह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *