कमीशनखोर भाजपा मंत्री ईश्वरप्पा का इस्तीफा नहीं बल्कि गिरफ्तार करे
नई दिल्ली
कांग्रेस ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा के पेशे से ठेकेदार एक कार्यकर्ता की मौत के लिए जिम्मेदार कमीशन खोर मंत्री के एस ईश्वरप्पा का इस्तीफा ही काफी नहीं है, उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार चल रही है, वहां भ्रष्टाचार जोरों पर है। कमीशनखोर भाजपा के मंत्री केएस ईश्वरप्पा का इस्तीफा काफी नहीं, मंत्री को गिरफ्तार किया जाए।
पार्टी ने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही पर उतारू है, भाजपा की कमीशनखोरी के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार कर लेती है। लेकिन भाजपा कार्यकर्ता की मौत के लिए जिम्मेदार मंत्री को गिरफ्तार नहीं किया गया। ये कैसा कमीशनखोर राज है। भाजपा के मंत्री ईश्वरप्पा के भ्रष्टाचार में लिप्त होने को बेनकाब करने वाले भाजपा कार्यकर्ता की मृत्य के बावजूद भी मंत्री को गिरफ्तार नहीं किया गया।
गौरतलब है कि ईश्वरप्पा पर कथित तौर पर काम के बदले में 40 फीसदी कमीशन मांगने का आरोप भाजपा कार्यकर्ता ठेकेदार संतोष पाटिल ने लगाया है। संतोष मंगलवार सुबह उडुपी के एक लॉज में मृत मिला था और मृत्यु से पहले लिखे अपने नोट में कहा था कि उसकी मौत के लिए ईश्वरप्पा जिम्मेदार हैं। ईश्वरप्पा पर घटना के बाद इस्तीफा देने का दबाव बढ़ा,तब उन्होंने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि मैंने इस्तीफा देने का फैसला किया क्योंकि मैं उन लोगों को असहज स्थिति में नहीं डालना चाहता, जिन्होंने मुझे इस पद तक पहुंचाने में मदद की है।