चन्नी के कार्यकाल में सीएमओ में तैनात अधिकारियों से पूछताछ करेगी ईडी
चंडीगढ़
एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट की तरफ से गैर-कानूनी रेत माइनिंग, अधिकारियों की पोस्टिंग और तबादले मामले पर पंजाब के पूर्व सीएम चरनजीत सिंह चन्नी पर फिर से शिकंजा कसा गया। ईडी की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी से लगभग साढ़े 5 घंटे पूछताछ की गई लेकिन इस दौरान चन्नी ईडी की तरफ से पूछे गए सवालों के जवाब में पल्ला झाड़ते नजर आए।
यह भी चर्चा है कि ईडी की तरफ से उन अधिकारियों से भी पूछताछ होगी, जो चन्नी के कार्यकाल दौरान सी.एम.ओ में मौजूद थे। बता दें कि हाईप्रोफाइल केस होने के चलते ईडी ने बेहद ही गुपचुप तरीके से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को इन्वैस्टीगेशन के लिए बुलाया था। चन्नी अपने वकील के साथ एक लिखित स्टेटमैंट लेकर गए थे, जहां उक्त स्टेटमैंट देने के बाद ई.डी अधिकारियों ने उनसे पूछा कि इन ट्रांसफर्स व पोस्टिंग के पैसों में उनका कितना हिस्सा था या कहीं यह सारा पैसा उनके हिस्से का तो नहीं था जोकि भूपिंद्र सिंह हनी द्वारा ट्रांसफर्स, पोस्टिंग व अवैध खनन से कमाया गया है।
