पौड़ी डीएम ने उज्याड़ी में की क्रॉप कटिंग

पौड़ी। क्रॉप कटिंग के लिए गुरुवार को डीएम पौड़ी उज्याड़ी गांव पहुंचे। राजस्व नापजोख के साथ डीएम ने गांव में क्रॉप कटिंग की। सभी तहसीलों में क्रॉप कटिंग का काम शुरू हो गया है। मौके पर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए हल का भी आश्वासन दिया।
डीएम डा. विजय कुमार जोगदण्डे ने गुरुवार को जिले में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े संकलन को लेकर उज्याड़ी में गेहूं की फसल पर की जा रही क्रॉप कटिंग का जायजा लिया। डीएम ने गेहूं की फसल काटकर क्रॉप कटिंग की शुरुआत की। राजस्व विभाग ने उज्याड़ी गांव के किसान सुदर्शन नेगी के गेहूं के खेत में 30 वर्ग मीटर का प्लाट बनाकर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग का प्रयोग किया। इसमें 9 किलो 200 ग्राम गेहूं की उपज मिली। डीएम ने खेत का नक्शा, खसरा, रजिस्टर आदि भू-अभिलेखों की जांच करते हुए किसानों से बोये गए गेहूं के बीज के बारे में जानकारी हासिल की। वहीं डीएम के गांव में आने पर किसानों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान डीएम ने कई समस्याओं के शीघ्र निस्तारण करने का भरोसा भी दिया।
डीएम ने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर ही जिले में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े तैयार किए जाते हैं, जिससे जिले में हो रहे उत्पादन की सटीक जानकारी हासिल की जाती है। अंतिम आंकड़े परीक्षण के उपरांत राज्य स्तर पर कृषि निदेशालय जारी करता है। कहा कि क्रॉप कटिंग के प्रयोगों से प्राप्त उत्पादन के आंकड़ों के आधार पर क्षतिपूर्ति और फसल बीमा की राशि निर्धारित की जाती है। सम्बन्धित अधिकारियों को क्षेत्र बांटकर क्रॉप कटिंग की कार्यवाही सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी तहसीलों में क्षेत्रवार क्रॉप कटिंग की जा रही है। क्रॉप कटिंग के आधार पर ही फसल उत्पादन का डाटा तैयार किया जाएगा। इससे क्षेत्र में फसल उत्पादन की सही जानकारी मिल सकेगी। उज्याड़ी गांव में ग्रामीणों ने जंगली सुंवरों द्वारा फसलों को नष्ट करने तथा गांव के ऊपर बन रही सड़क से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की समस्या बताई। डीएम ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को सुचारू करने के लिए कार्यदायी संस्था को दूरभाष के माध्यम से निर्देश दिये। खेतों में घेरबाड़ करने, सड़कों की स्थिति सुधारने, सिंचाई नहर सुचारू करने, कृषि विभाग से बीज उपलब्ध कराने तथा पशुओं द्वारा फसल नष्ट सहित अन्य समस्याओं पर कार्यवाही का आश्वाशन दिया। इस अवसर ग्राम सहायक भू लेख अधिकारी पूरन प्रकाश रावत, अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी रविन्द्र चौहान, राजस्व उपनिरीक्षक गगवाडस्यूं गौरव लिंगवाल, प्रधान उज्याड़ी, किसान सुदर्शन सिंह नेगी, पूर्व प्रधान केसर सिंह कठैत सहित समिला देवी, ज्योति देवी, रानी देवी, सुचिता देवी आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *