पद्मश्री प्रेम चंद्र शर्मा को दिया जाएगा शौय सम्मान
श्रीनगर गढ़वाल। पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. मोहन सिंह रावत गांववासी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस वर्ष का उत्तराखंड शौर्य सम्मान अनार की खेती एवं कृषि विवधिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर चकराता तहसील के पद्मश्री प्रेम चंद्र शर्मा को प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया। यह सम्मान उन्हें शर्मा के गांव अटाल में ही एक भव्य समारोह में प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी के हाथों प्रदान किया जाएगा। उत्तराखंड शौर्य सम्मान संयोजक मंडल की बैठक में डा. मोहन सिंह रावत गांववासी ने कहा कि आज उत्तराखंड के गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गांव विकास पर्यटन अभियान को संचालित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गांवों की मूलभूत समस्याओं का समाधान कर गांवों को पलायन शून्य बनाया जाना चाहिए। बैठक में प्रो.मोहन सिंह पंवार, डा.अरविंद दरमोड़ा, प्रो. विद्या सिंह चौहान, समीर रतूड़ी, प्रो. एसएस रावत, डा.ज्योति गैरोला आदि मौजूद रहे।
