इंजीनियरिंग के छात्र ने पेट्रोल छिड़क खुद को आग लगा की आत्महत्या

 

सोलन। सोलन जिला मुख्यालय में रविवार दोपहर माल रोड के पास चिल्ड्रन पार्क के शौचालय में एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की चिल्लाने की आवाज और पार्क में धुआं उठते देखकर वहां लोग पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक शौचालय के अंदर पेट्रोल की बोतल ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। पार्क में मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने युवक को अंदर जाते हुए देखा। युवक के अंदर जाते ही करीब दो मिनट बाद उसके चीखने की आवाज सुनाई दी और धुआं उठता दिखाई दिया।

इसके बाद पार्क और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। शौचालय में देखा तो युवक बुरी तरह से जल गया था। लोगों से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवक की पहचान 28 वर्षीय महेश के तौर पर हुई है। वह पंजाब के पटियाला का रहने वाला था और सोलन के एक निजी विवि से इंजीनियरिंग कर रहा था। डीएसपी हेड क्वार्टर संतोष शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि महेश पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में चल रहा था। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *