कृषक एवं आधुनिक कृषि को प्रोत्साहित करें
रुड़की। शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण केंद्र पर किसानों को दिखाया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कृषि वैज्ञानिकों एवं किसानों के योगदान की प्रशंसा करते हुए सुझाव दिया कि राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लाभकारी कृषि उत्पादों को पहचान कर उन पर शोध कार्य कर उत्पादन बढ़ाया जाए। कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी में प्रभारी अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम कुमार ने जनपद के किसानों द्वारा कृषि में नवाचार सीखने तथा उसे कृषि में अपनाकर अपनी आय बढ़ाने हेतु किए गए उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान डॉ. विनोद, डॉ. वाईपी सैनी, डॉ. नीलकांत, उमेश कुमार सक्सेना, डॉ. सरिता, विनोद शर्मा एवं अमित कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दौलतपुर सहकारी समिति के अध्यक्ष राकेश सैनी ने की।
