डीएम ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

देहरादून। सड़कों पर जगह-जगह बन रहे गड्ढे और किनारों पर लगे अवैध होर्डिंग हादसों की वजह बन रहे हैं। सोमवार को जिलाधिकारी सोनिका ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली तो हादसों में यह भी एक वजह सामने आई। उन्होंने कार्यालय में समिति में शामिल विभागों के साथ बैठक ली। एसडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि आरटीओ, पुलिस और लोनिवि की टीम गठित कर सड़कों पर गड्ढे, अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग, सड़कों पर पड़ी सामग्री आदि का निरीक्षण कर इनका समाधान किया जाए। जिले में शेष बचे ब्लैक स्पाट पर बिना देर किए सुधारने को कहा। दुर्घनाओं के कारणों की समीक्षा की तो सामने आया कि सबसे अधिक दुर्घटनाएं तेज गति, ओवर टेक और रॉग साइड वाहन चलाने के कारण हो रही है। हादसों की वजह सड़कों की खराब स्थिति और अवैध होर्डिंग भी सामने आई। उन्होंने हादसे रोकने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग को अभियान चलाने का निर्देश दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अक्षय कोंडे, नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, आरटीओ सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि डीसी नौटियाल, राजेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी यूएस चौहान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *