दैनिक वेतन भोगियों के नियमित पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र होगी शुरू

श्रीनगर गढ़वाल

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि में विभिन्न मांगों के समाधान को लेकर पिछले 18 दिन सत्याग्रह आंदोलन जारी है। जिसको देखते हुए विवि ने कर्मचारियों से सबंधित 11 सूत्रीय बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट की है। इस संदर्भ में कुलसचिव डा. अजय खंडूड़ी की ओर से सर्कुलर जारी किया गया है। जिसमें विभिन्न बिंदुओं पर विवि स्तर से की जा रही कार्यवाही से अवगत कराया गया है। विवि के कुलसचिव की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि नियमित कर्मचारियों के अलावा दैनिक वेतन भोगी के नियमितीकरण सबंधी मांगों को ध्यान में रखते हुए विवि कार्यपरिषद के अनुमोदन उपरांत श्रेणी ग में 50 प्रतिशत रिक्त पद आरक्षित रखे गए हैं। जिनको कैडर रिक्रूटमेंट रूल-2019 के प्राविधानों के अंतर्गत इस श्रेणी के कर्मचारियों के मध्य ही आंतरिक चयन प्रक्रिया से भरा जाना है। इस हेतु दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को आयु सीमा में छूट भी प्राविधानित है। वर्तमान में रिक्त पदों के चिन्हिकरण हेतु समिति का गठन किया जा चुका है। शीघ्र ही नियमानुसार दैनिक वेतन भोगियों के नियमित पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया संपादित की जाएगी। विवि ने यह भी स्पष्ट किया है कि केंद्रीय विवि हेतु लागू नियमों के अनुसार वर्तमान में नियमित पदों पर बिना प्रक्रिया सीधे समायोजन के सबंध में कोई भी व्यवस्था नहीं है। विवि ने पदोन्नति प्रकिया नियमानुसार सतत रूप से जारी रखे जाने, विवि द्वारा वर्ष 2017 में यूजीसी द्वारा अनुमोदित रेशनलाइजेशन का कार्यान्वयन किए जा चुके होने के साथ ही एलडीसी कार्मिकों को 16 वर्ष सेवा पूर्णता पर राज्य सरकार के शासनादेश अनुरूप फंक्शनल ग्रेड पे रु. 4200 विवि स्तर पर अनुमन्य किया जाना नियमानुसार संभव नहीं होने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि मृतक आश्रित श्रेणी कोटे में रिक्त पदों की उपलब्धता होने पर प्राथमिकता के आधार पर मृतक आश्रितों को नियमानुसार रोजगार प्रदान किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। विवि उन्हें नियमित पदों पर समयोजना न हो पाने की अवधि तक आगामी समय में योग्यतानुसार वाह्य स्रोत एजेंसी के माध्यम से रोजगार प्रदान करने में भी प्राथमिकता देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *